Monday, October 8, 2012

मात्र दो रुपये में मधुमेह की जांच


रक्त में सुगर की मात्रा की जांच में अब मात्र एक मिनट का वक्त और दो रुपए खर्च होंगे। जी हां इतना ही नहीं सुगर नापने वाली मशीन से लिए गए खून की अपेक्षा 1,000 गुना कम खून में ही यह जांच संभव हो पाएगी। भारत में मधुमेह से पीड़ित करीब छह करोड़ लोगों के लिए यह एक वरदान साबित होगा। भारतीय वैज्ञानिकों के मुताबिक मधुमेह से पीड़ित लोगों को निरंतर अपने रक्त में मौजूद सुगर की मात्रा नापनी होती है। इस नवीन विकसित यन्त्र की उपयोगिता को सही बताते हुए वैज्ञानिकों ने यह दावा किया कि कम पैसे में होनी वाली यह जांच सटीक परिणाम देने में कारगर है। इस उपकरण का विकास बिट्स पिलानी के वैज्ञानिकों ने किया है और इस उपकरण को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ( Indian Council of Medical Research) के द्वारा भी मान्यता दे दी गई है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा की गई जांच का प्रतिनिधित्व संस्थान के महानिदेशक ने कहा कि जांच में यह उपकरण सही परिणाम देने में कारगर साबित हुआ है। यह ग्लूकोज उपकरण बाजार में दिसम्बर महीने तक उपलब्ध हो पाएगा। बाजार में आने से पहले इस उपकरण को अलग -अलग जांच से गुजरना होगा। इसकी जांच कई लैब और चिकत्सालय में की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय लंबे समय से मायावी 5 रुपए वाली मधुमेह परीक्षण चिप के विकास का वादा कर रही है, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि इस जांच में और भी कम खर्च होंगे। इस उपकरण को बनाने वाली टीम इस उपकरण के पेटेंट के लिए आवेदन कर रहा है।
इस ​​उपकरण के प्रमुख निर्माता सुमन कपूर ने कहा कि परीक्षण और परिणाम में कम से कम 10 सेकंड का समय लगेगा। उंगली चुभन से पूरी प्रक्रिया परिणाम के लिए खून का नमूना लोड करने के लिए एक मिनट तक लग सकते हैं । पूर के मुताबिक यह उपकरण ग्लूकोमीटर की तरह ही उपयोगी है, लेकिन इसकी तकनीक उससे अलग है। हाल ही में जारी लैंसेट पत्रिका के एक शोध पर यकीन करें तो पिछले तीन दशकों में दुनिया भर में डायबिटीज के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। (साभार:अमर उजाला)

पांच बूंदे बचायेंगी डेंगू से...


देश में डेंगू के मामले बढ़ने के साथ ही इससे जुडी दवाओं की जरुरत बढ़ती जा रही है .ऐसे में होम्योपैथ की ‘इप्यूटोरियम परसूरेटम’ दवा लोगों के लिए रामबाण साबित हो रही है। इसकी पांच बूंदे लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा देती हैं, जिससे डेंगू होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। यह पांच बूंदे तीन महीने के लिए काम करेंगी, जिसके बाद लोग फिर से दवा ले सकते हैं। चिकित्सकों के मुताबिक प्रिवेंटिव डोज डेंगू से 90 फीसदी तक बचाव करती है।  दवा पीने के साथ ही लोगों को डेंगू के पनपने और उससे बचाव के प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने बताया कि होम्योपैथिक डाक्टर की सलाह पर ही प्रिवेंटिव डोज ले सकते हैं। डाक्टर डेंगू और मलेरिया के पर्याप्त लक्षण देखने के बाद अपने मुताबिक डोज देगा।
ऐसे करें बचाव
-जितना हो तरल पदार्थ पीएं
-मसालेदार खाने से बनाएं दूरी
-हाइजीन का ख्याल रखें
-हल्के बुखार में भी डाक्टर की सलाह लें
-मच्छरदानी का इस्तेमाल करें(साभार:अमर उजाला)

Monday, September 12, 2011

बस पांच पत्ते और रोगों के दांत हो जाए खट्टे

जो व्यक्ति प्रतिदिन तुलसी की पांच पत्तियां खा लेते हैं वह अनेक प्रकार के रोगों से सुरक्षित रहते हैं। इसके तीन महीने तक सेवन करने से खांसी, सर्दी,बुखार, मलेरिया, कालाजार, जुकाम या काफ, जन्मजात जुकाम, श्वास रोग, दमा, स्मरण शक्ति का अभाव, पुराना से पुराना सिरदर्द, नेत्र-पीड़ा, उच्च अथवा निम्न रक्तचाप, ह्रदय रोग, शरीर का मोटापा, अम्लता, पेचिश, कब्ज, गैस, मन्दाग्नि,गुर्दे का ठीक से काम न करना, गुर्दे की पथरी खून की कमी,दांतों का रोग, सफ़ेद दाग तथा अन्य बीमारियां, गठिया का दर्द, वृद्धावस्था की कमजोरी, विटामिन ए और सी की कमी से उत्पन्न होने वाले रोग, सफेद दाग, कुष्ठ तथा चर्म रोग, शरीर की झुर्रियां, पुरानी बिवाइयां, महिलाओं की बहुत सारी बीमारियां, बुखार, खसरा आदि रोग दूर होते है।
                    सिर, गले, नाक का दर्द, आंख के रोग, सूजन, खुजली, अजीर्ण, उलटी , हृदयरोग, कृमि, फोड़े, मुहांसे, जलन , बालतोड़, लू लगना, स्नायूपीड़ा, स्वप्नदोष, मूर्छा, विष आदि तथा स्त्रियों और बच्चों के सामान्य रोगों के लिए चिकित्सा स्वयं ही की जा सकती है। तुलसी स्वाईन फ्लू को दूर रखने के लिए उपयोगी है। तुलसी के उपयोग से मनुष्यों में रोग प्रतिरोधक क्षमता तीव्रता से बढ़ती है और खाली पेट बीस-पच्चिश तुलसी के पत्तों का सेवन करने से स्वाईन फ्लू से बचा जा सकता है। तुलसी दमा टी.बी .में गुणकारी हैं।(भास्कर डाट कॉम)

चंद सेकेण्ड में जाने कितने सेहतमंद हैं आप

स्वस्थ इंसान की पहचान क्या है? क्या शरीर से मोटा होना ही अच्छे स्वास्थ्य की पहचान है? स्वास्थ्य दवाओं पर नहीं बल्कि उचित आहार-विहार पर निर्भर होता है। तभी तो आज दुनिया भर में भारतीय योग विज्ञान और आयुर्वेद को आग्रह पूर्वक अपनाया जा रहा है। क्योंकि योग में है हजारों वर्षों के रिसर्च का निचोड़ । योग आपको उत्तम स्वास्थ्य का सुनिश्चित भरोसा दिलाता है, क्योंकि यह रोग के सिम्टम्स को नहीं बल्कि शरीर के सिस्टम को ही दुरुस्त करता है। आयुर्वेद और योग में स्वस्थ इंसान की पहचान करने के निम्र सूत्र दिये हैं। इन सूत्रों के आधार पर आप भी जान सकते हैं कि आपके स्वास्थ्य का स्तर क्या है? तो आइये जाने:-

1. स्वस्थ इंसान को दोनों समय खुलकर भूख लगती है।
2. स्वस्थ इंसान को बिस्तर पर जाते ही जल्दी और गहरी नींद आती है।
3. स्वस्थ व्यक्ति सुबह जागने पर भरपूर ताजगी और स्फूर्ति का अनुभव करता है।
4. स्वस्थ मनुष्य को प्रतिदिन सुबह बिना किसी प्रयास के खुलकर शौच होता है।
5. स्वस्थ मनुष्य में गरमी और ठंड सहने की पर्याप्त क्षमता होती है।
6. स्वस्थ इंसान शारीरिक श्रम करने पर अत्यधिक थकान महसूस नहीं करता है।
                स्वस्थ इंसान की पहचान की इन कसौटियों पर यदि आप खरे नहीं उतरते हैं, तो योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।(भास्कर डाट कॉम)

Tuesday, June 28, 2011

40 साल में पुरुष होने लगते हैं मनचले

ऐसा अक्सर सुनने में आता है कि उम्र के 40 वर्ष पार कर लेने के बाद पुरुषों का झुकाव विवाहेत्तर संबंधों की ओर अधिक हो जाता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि 30 साल की उम्र के बाद पुरुषों में एंड्रोपॉज की शुरुआत हो जाती है। टेस्टोस्टेरोन हार्मोन में हर साल दो से तीन प्रतिशत की कमी आती है और 40 साल की उम्र तक टेस्टोस्टेरोन हार्मोन बहुत कम हो जाता है। इस दौरान पुरुषों में सेक्स की इच्छा बढ़ जाती है। वे सेक्स के बारे में ज्यादा सोचने लगते हैं। उन्हें लगता है कि वे एक बार फिर पहले से ज्यादा रोमांटिक हो गए हैं।
                       यह वही दौर है जब ज्यादातर पुरुष शादीशुदा होते हुए भी दूसरी महिलाओं से संबंध बनाने के लिए प्रेरित होते हैं। हाल ही में हुए शोध में यह प्रमाणित हो गया है कि पुरुषों को भी महिलाओं की तरह मीनोपॉज होता है। 40 साल की उम्र के बाद पुरुषों में सेक्स हारमोन का विकास कम हो जाता है। पुरुषों के मीनोपॉज को एंड्रोपॉज कहा जाता है। हाल ही में न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में छपी रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि 40 साल की उम्र के बाद पुरुषों को भी होता है एंड्रोपॉज। मेडिकल साइंस में हाइपोगोनाडिज्म कहलाने वाली यह समस्या तब होती है जब अंडकोष से टेस्टोस्टेरोन का पर्याप्त उत्पादन नहीं होता। इस अवस्था में पुरुषों के मिजाज में बदलाव होता है।(स्त्रोत:न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन)

पत्ता गोभी खाओ-चश्मा दूर हटाओ

आधा चम्मच मख्खन (अमूल मख्खन ले सकते हैं), आधा चम्मच पिसी मिश्री और थोड़ी सी पिसी कालीमिर्च, स्वाद के अनुसार मात्र में लेकर तीनों को मिला लें और चाट लें। इसके बाद कच्चे (पानी वाले सफेद) नारियल के 2-3 टुकड़े खूब अच्छी तरह चबाकर खा लें। अब थोड़ी सी सौंफ (मोटी या बारीक वाली) मुंह में डाल लें। इसे आधा घंटे तक मुंह में रखकर चबाते, चूसते रहें, इसके बाद निगल जाएं। प्रतिदिन भोजन के साथ 50 से 100 ग्राम मात्रा में पत्तागोभी के पत्ते बारीक कतर कर, इन पर पिसा हुआ सेंधा नमक और काली मिर्च बुरकर, खूब चबा-चबाकर खाएं। जब गाजर उपलब्ध हो तब प्रतिदिन 1-2 गाजर खूब चबा-चबाकर खाएं या इसका रस निकालकर भोजन के घंटेभर बाद पिएं। अपने आहार में पत्तागोभी, गाजर, आंवला, पके लाल टमाटर, हरा धनिया, सलाद, केला, संतरा, छुहारा, हरी शाक सब्जी, दूध, मख्खन, मलाई, पका आम आदि में से जिस-जिस का सेवन कर सकें तो प्रतिदिन उचित मात्रा में अवश्य सेवन करें।(स्त्रोत:वेबदुनिया.कॉम)

अदरक रखेगा आपको आजीवन स्वस्थ

अदरक व सौंठ हर मौसम में, हर घर के रसोई घर में प्रायः रहते ही हैं। इनका उपयोग घरेलू इलाज में किया जा सकता है। भोजन से पहले अदरक को चिप्स की तरह बारीक कतर लें। इन चिप्स पर पिसा काला नमक बुरक कर खूब चबा-चबाकर खा लें फिर भोजन करें। इससे अपच दूर होती है, पेट हलका रहता है और भूख खुलती है। अदरक का एक छोटा टुकड़ा छीले बिना (छिलकेसहित) आग में गर्म करके छिलका उतार दें। इसे मुँह में रख कर आहिस्ता-आहिस्ता चबाते चूसते रहने से अन्दर जमा और रुका हुआ बलगम निकल जाता है और सर्दी-खाँसी ठीक हो जाती है। सौंठ को पानी के साथ घिसकर इसके लेप में थोड़ा सा पुराना गुड़ और 5-6 बूँद घी मिलाकर थोड़ा गर्म कर लें। बच्चे को लगने वाले दस्त इससे ठीक हो जाते हैं। ज्यादा दस्त लग रहें हों तो इसमें जायफल घिसकर मिला लें। अदरक का टुकड़ा छिलका हटाकर मुंह में रखकर चबाते-चूसते रहें तो लगातार चलने वाली हिचकी बन्द हो जाती है। बारिश के मौसम से अदरक-तुलसी की चाय पीना शुरू कर देना चाहिए,इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। (स्त्रोत:वेबदुनिया.कॉम)

Saturday, February 26, 2011

रक्तचाप से डरे नहीं बल्कि दोस्ती करें


रक्तचाप या ब्लड प्रेशर रक्तवाहिनियों में बहते रक्त द्वारा वाहिनियों की दीवारों पर डाले गए दबाव को कहते हैं। धमनी वह नलिका होती हैं जो रक्त को हृदय से शरीर के विभिन्न हिस्सों तक ले जाती हैं। हृदय रक्त को धमनियों में पंप करता है। किसी भी व्यक्ति का रक्तचाप सिस्टोलिक और डायस्टोलिक रक्तचाप के रूप में जाना जाता है। जैसे 120/80 सिस्टोलिक अर्थात ऊपर की संख्या धमनियों में दाब को दर्शाती है। इसमें हृदय की मांसपेशियाँ संकुचित होकर धमनियों में रक्त को पंप करती है।
डायस्टोलिक रक्तचाप अर्थात नीचे वाली संख्या धमनियों में उस दाब को दर्शाती है जब संकुचन के बाद हृदय की मांसपेशियाँ शिथिल हो जाती हैं। रक्तचाप उस समय अधिक होता है जब हृदय रक्त को धमनियों में पंप करता है। एक स्वस्थ व्यक्ति का सिस्टोलिक रक्तचाप 90 और 120 मिलीमीटर के बीच होता है। सामान्य डायस्टोलिक रक्तचाप 60 से 80 मिमी के बीच होता है। रक्तचाप संबंधी दो प्रकार की समस्याएँ देखने में आती हैं- एक निम्न रक्तचाप और दूसरी उच्च रक्तचाप।
निम्न रक्तचाप वह दाब है जिससे धमनियों और नसों में रक्त का प्रवाह कम होने के लक्षण या संकेत दिखाई देते हैं। जब रक्त का प्रवाह काफी कम होता है तो मस्तिष्क, हृदय तथा गुर्दे जैसी महत्वपूर्ण इंद्रियों में ऑक्सीजन और पौष्टिक पदार्थ नहीं पहुँच पाते। इससे यह अंग सामान्य कामकाज नहीं कर पाते और स्थाई रूप से क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ जाती है।
उच्च रक्तचाप के विपरीत निम्न रक्तचाप की पहचान लक्षण और संकेतों से होती है, न कि विशिष्ट दाब के आधार पर। किसी मरीज का रक्तचाप 90/50 होता है लेकिन उसमें निम्न रक्तचाप के कोई लक्षण दिखाई नहीं पड़ते हैं। यदि किसी को निम्न रक्तचाप के कारण चक्कर आता हो या मितली आती हो या खड़े होने पर बेहोश होकर गिर पड़ता हो तो उसे आर्थोस्टेटिक उच्च रक्तचाप कहते हैं।खड़े होने पर निम्न रक्तचाप के कारण होने वाले प्रभाव को सामान्य व्यक्ति जल्द ही काबू कर लेता है। लेकिन जब पर्याप्त रक्तचाप के कारण चक्रीय धमनी में रक्त की आपूर्ति नहीं होती है तो व्यक्ति को सीने में दर्द हो सकता है या दिल का दौरा पड़ सकता है। जब गुर्दों में अपर्याप्त मात्रा में खून की आपूर्ति होती है तो गुर्दे शरीर से यूरिया और क्रिएटिनिन जैसे अपशिष्टों को निकाल नहीं पाते, जिससे रक्त में इनकी मात्रा अधिक हो जाती है।
जब मरीज का रक्तचाप 130/80 से ऊपर हो तो उसे उच्च रक्तचाप या हाइपरटेंशन कहते हैं। इसका अर्थ है कि धमनियों में उच्च तनाव है। उच्च रक्तचाप का अर्थ यह नहीं है कि अत्यधिक भावनात्मक तनाव हो। भावनात्मक तनाव व दबाव अस्थायी तौर पर रक्त के दाब को बढ़ा देते हैं। सामान्यतः रक्तचाप 120/80 से कम होना चाहिए। इसके बाद 139/89 के बीच का रक्त का दबाव प्री-हाइपरटेंशन कहलाता है और 140/90 या उससे अधिक का रक्तचाप उच्च समझा जाता है। उच्च रक्तचाप से हृदय रोग, गुर्दे की बीमारी, धमनियों का सख्त होना, आँखें खराब होने और मस्तिष्क खराब होने का जोखिम बढ़ जाता है।उच्च रक्तचाप को नियंत्रित रखना जरूरी है। इससे सभी अंग सलामत रहते हैं। उच्च रक्तचाप धीमे जहर की तरह काम करता है। इसके कारण धीरे-धीरे सभी अंग खराब होते जाते हैं। उच्च रक्तचाप के मरीजों की विशेष देखभाल और जाँच द्वारा दिल के दौरे की आशंका एक चौथाई कम हो सकती है। वहीं मस्तिष्काघात की भी संभावना भी 40 प्रतिशत कम हो सकती है।
डॉक्टर के पास अपना बीपी की जाँच के लिए पहुँचने के बाद कम से कम पाँच मिनट के लिए आराम करने के बाद ही अपना रक्तचाप की जाँच कराएँ। लंबा चलने, सीढ़ियाँ चढ़ने, दौड़ने-भागने के तुरंत बाद जाँच कराने पर रक्तदाब बढ़ा हुआ आता है। जाँच के आधा घंटा पहले से चाय, कॉफी, कोला ड्रिंक और धूम्रपान नहीं करना चाहिए। इनके सेवन से रक्तदाब अगले 15-20 मिनट के लिए बढ़ जाता है।



पसीना अब नहीं बनेगा समस्या

गर्मियों में बदबूदार पसीना हर-एक की समस्या होती है.यदि आप इन चंद उपायों का पालन  करें तो पसीने की दुर्गन्ध से छुटकारा पा सकते हैं.
एक बार पहने हुए वस्त्रों को बिना धोए अलमारी में न रखें।
बिना धुले वस्त्रों को अलमारी में रखने पर दुर्गन्ध पैदा करने वाले बैक्टीरिया सक्रिय होकर वस्त्रों में दुर्गन्ध पैदा कर देते हैं।
शरीर की साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखना चाहिए।
नीम युक्त साबुन का नहाते वक्त इस्तेमाल करें तो बेहतर रहेगा।
जहाँ तक हो सके कड़ी धूप से बचें।
वस्त्र ऐसे पहनें जो शरीर से चिपके हुए न हों क्योंकि तंग वस्त्रों में ज्यादा पसीना आता है और वाष्पीकरण सही ढंग से नहीं हो पाता है जिससे कपड़ों से दुर्गन्ध आने लगती है।
सिन्थेटिक वस्त्र न पहनकर सूती वस्त्र पहने तो ज्यादा ठीक रहेगा।
तली-भुनी व मसालायुक्त चीजें न खाएँ।
मौसमी फलों का सेवन करें।
बबूल के पत्ते और बाल हरड़ को बराबर-बराबर मिलाकर महीन पीस लें। इस चूर्ण की सारे शरीर पर मालिश करें और कुछ समय रूक-रूक कर स्नान कर लें। नियमित रूप से यह प्रयोग कुछ दिनों तक करते रहने से पसीना आना बंद हो जाएगा।
पसीने की दुर्गन्ध दूर करने के लिये बेलपत्र के रस का लेप शरीर पर करना चाहिए।
अडूसा के पत्रों के रस में थोड़ा शंख चूर्ण मिलाकर शरीर पर लगाने से शरीर से पसीने की दुर्गन्ध दूर हो जाती है।(सौजन्य:जागरण.काम)

Tuesday, November 9, 2010

दर्दनिवारक दवाएं बना सकती हैं बांझ

गर्भवती महिलाओं द्वारा दर्दनिवारक दवाएं लेने से उनके अजन्मे बेटों में बांझपन का खतरा बढ़ जाता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि पैरासीटामोल, एस्प्रिन और आईबूप्रोफेन जैसी दवाओं का लम्बे समय तक इस्तेमाल ल़डकों में प्रजनन अंगों के विकास को नुकसान पहुंचा सकता है।
      समाचार पत्र "डेली मेल" के मुताबिक इन दवाओं के इस्तेमाल से ल़डकों में बनने वाले शुक्राणुओं की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और जीवन के अंतिम दिनों में उन्हें वृषण कैंसर का खतरा हो सकता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि हाल के समय में पुरूषों में होने वाली प्रजनन संबंधी विकृतियों की मुख्य वजह दर्दनिवारक दवाएं हैं। इसके अलावा भ्रूण के हार्मोन असंतुलन के सम्पर्क में होने से भी विकृतियां होती हैं। अध्ययन के मुताबिक गर्भावस्था के दौरान किसी भी समय एक से ज्यादा प्रकार की दर्दनिवारक दवाएं लेने वाली महिलाओं के बेटों में यह खतरा सात गुना तक बढ़ जाता है। चार से छह महीने की गर्भावस्था के दौरान दर्दनिवारक दवाएं लेना सबसे ज्यादा खतरनाक होता है। इस दौरान केवल एक दर्दनिवारक दवा लेने से भी ये दवाएं न लेने वाली महिलाओं के बच्चों की तुलना में इन महिलाओं के बेटों में ये खतरा दोगुना हो जाता है। पैरासीटामोल खतरे को दोगुना करती है जबकि एस्प्रिन या आईबूप्रोफेन चार गुना तक खतरा बढ़ा देती है। अध्ययन के मुताबिक चार से छह महीने की गर्भावस्था के दौरान एक साथ दो दर्दनिवारक दवाएं लेने से यह खतरा 16 गुना तक बढ़ जाता है। (source:daily mail)

Tuesday, October 5, 2010

फिगर मेनटेन करें हस्तपात मुद्रा से

सामान्यत: महिलाएं अपनी सुंदरता, स्वास्थ्य और फिगर के प्रति सजग रहती हैं। फिर भी अधिकांश महिलाओं का शरीर मोटापे का शिकार हो जाता है या ठीक से विकसित नहीं हो पाता। इन कारणों से कई बार उनमें हीन भावना विकसित हो जाती है। सही योगासन और मुद्राओं के आदि नियमित अभ्यास से महिलाएं अपना पूर्ण सौंदर्य प्राप्त कर सकती हैं। यहां हम एक मुद्रा जिसे हस्तपाद मुद्रा कहते हैं की जानकारी दे रहे हैं। इस मुद्रा के नियमित प्रयोग से स्त्रियों का शारीरिक सौंदर्य पूर्ण विकसित हो जाता है। शरीर के अंगों में कसावट आ जाती है।
इस मुद्रा के अभ्यास के लिए किसी आरामदायक स्थान पर बैठ जाएं। अब दोनो हाथों की हथेलियों को पीछे की ओर से आपस में जोड़ लें। हाथों की सभी उंगलियां आपस में मिल जाती है इसे हस्तपात मुद्रा कहा जाता है। इस मुद्रा से सांस के रोग, गले के रोग जैसे- दर्द, सूजन या टॉन्सिल आदि में काफी आराम मिलता है। इसके नियमित अभ्यास से ये रोग आपसे दूर ही रहेंगे।
हस्तपाद मुद्रा स्त्रियों के लिए बहुत ही ज्यादा लाभकारी है। जिन स्त्रियों का शरीर ठीक से विकसित नहीं हुआ है या शरीर ढीला पड़ गया है उनके लिए यह मुद्रा बेहद लाभदायक है। इसके नियमित इस्तेमाल से स्त्रियां सुंदर सुड़ौल और स्वस्थ हो जाती हैं। स्त्रियों का फिगर आकर्षक हो जाता है। हस्तपाद मुद्रा से स्त्रियां की सुंदरता बढ़ती हैं क्योंकि हमारी कलाइयों के पीछे की मांसपेशियों का संबंध शरीर के कई अंगों से होता है। इस मुद्रा के माध्यम से वे मांसपेशियां एक्टिव हो जाती है और शरीर के अंगों में कसावट लाती है।(source:bhaskar.com)

गैस की समस्या दूर करता है मंडूकासन

यदि आपको गैस की समस्या परेशान करती हैं तो प्रतिदिन सुबह-सुबह कुछ समय मंडूकासन करें। इस आसन में हमारे शरीर की आकृति मेंढक के समान हो जाती है इसलिए इसे मंडूकासन कहा जाता है। मंडूकासन के लिए पहले नीचे चटाई बिछाकर बैठ जाएं। इसके बाद दोनों पैरों को घुटनों से मोड़कर पीछे की ओर ले जाएं और एडिय़ों को फैलाकर दोनों पंजों को मिलाकर उस पर बैठ जाएं। दोनों हाथों के अंगूठों को अंदर करके मुटठी बांध लें और मुटठी को एक-दूसरे से सटाकर नाभि के पास रखें। अब सांस अंदर खींचकर शरीर को ढ़ीला छोड़ दें। सांस को छोड़ते हुए शरीर को धीरे-धीरे आगे की ओर झुकाते हुए छाती को घुटनों से लगाएं। इसके बाद सांस लेते हुए शरीर को वापिस पहले वाली स्थिति में ले आएं। फिर कुछ देर रुककर सांस को छोड़ते हुए फिर से छाती को घुटनों से लगाएं। इस क्रिया को 3 बार करें।
इस आसन से पेट की सभी मांसपेशियों की मालिश होती है, जिससे पेट के अधिकतर रोग खत्म हो जाते हैं। यह आसन पेट को बाहर निकलने से रोकता है अर्थात चर्बी को बढऩे से रोकता है। यह सांस की तेज गति को सामान्य करता है इसलिए जिन व्यक्तियों की सांस फूलती हो उनके लिए यह आसन बहुत लाभकारी होता है। यह आसन अपच (भोजन का न पचना) व गैस का अधिक बनना कम करता है। इससे घुटनों, पिण्डलियों तथा टखनों का दर्द दूर होता है। इस आसन से पंजो को बल मिलता है, जिससे पैरों में उछलने की शक्ति बढ़ती है। यह आसन ब्लडप्रेशर (उच्च रक्तचाप), वायु विकार को खत्म करने के लिए अधिक लाभकारी है। यह आसन शरीर में ऊपर की वायु को ऊपर से तथा नीचे की वायु को नीचे से निकाल देता है। खाने को लेकर असावधानी रखने वाले लोगों के लिए यह आसन काफी फायदेमंद है। प्रतिदिन मंडूकासन करने पर पेट की कई छोटी-बड़ी समस्याएं आपसे सदैव दूर ही रहेगी। इस आसन का अभ्यास उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, कमर व गर्दन के दर्द वाले रोगियों को नहीं करना चाहिए।(source:bhaskar.com)

Friday, September 24, 2010

खुद कर सकते हैं पागलपन का इलाज

अपने आप से बात करना पागलपन का लक्षण भले ही माना जाता हो, लेकिन एक शोध में बताया गया है कि ऐसा करने वाले लोग तनावपूर्ण स्थितियों में आत्म-नियंत्रण बेहतर तरीके से करते हैं।
कनाडा के टोरंटो विश्वविद्यालय में मनोवैज्ञानिकों ने कुछ लोगों पर आत्म-नियंत्रण के लिए अध्ययन किया। अध्ययन में लोगों को खुद से बात करने के लिए कहा गया।अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों ने खुद से बात की उनमें तनावपूर्ण स्थितियों में आत्म-नियंत्रण करने की क्षमता ज्यादा बेहतर पाई गई। वैज्ञानिकों के अनुसार आवेगपूर्ण व्यवहार को नियंत्रित करने में 'आंतरिक आवाज' महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आत्म-नियंत्रण का मूल्यांकन करने वाले एक परीक्षण में वैज्ञानिकों ने लोगों से परदे पर एक संकेत दिखाई देने पर बटन दबाने के लिए कहा। जबकि दूसरा संकेत दिखाई देने पर उन्हें बटन न दबाने के लिए कहा गया।इसके बाद शोधकर्ताओं ने इस पद्धति को लोगों की 'आंतरिक आवाज' के इस्तेमाल को रोकने के लिए किया। ऐसा देखा गया कि परीक्षण के दौरान लोगों ने खुद से बात नहीं की।

शोधकर्ता माइकल इंजलिक्ट ने बताया, "काम करते समय जब लोगों ने खुद से बातें नहीं की उस समय उन्होंने ज्यादा आवेगपूर्ण तरीके से काम किया।"उन्होंने बताया कि जब लोगों ने खुद से बात करते हुए काम किया उस समय उनके आत्म-नियंत्रण की मात्रा बिना बात किए आत्म-नियंत्रण से ज्यादा थी,शोधकर्ता ने बताया कि खुद से बात करने पर आत्म-नियंत्रण करने के साथ ही आवेगपूर्ण निर्णय रोकने में मदद मिलती है।(स्रोत:जागरण डॉट काम}

मातृ मृत्युदर पर क्यों मचा है विवाद

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में मातृ मृत्युदर (एमएमआर) सबसे ज्यादा है, जबकि स्वास्थ्य अधिकारी इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते। अधिकारियों का कहना है कि भारत में प्रति लाख महिलाओं में मातृ मृत्युदर की बात करें तो यह आंकड़ा अन्य देशों की तुलना में बहुत कम है।
अधिकारियों का कहना है कि यहां पर मातृ मृत्युदर घटाने के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2008 में 63,000 माताओं की मृत्यु हुई थी और यह अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है लेकिन बहुत अधिक आबादी होने और शायद गलत अनुमानों के चलते यह तस्वीर सामने आई थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "भारत की आबादी ज्यादा है इसलिए यहां होने वाली मौतों की संख्या भी ज्यादा होगी।"
डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, यूएनएफपीए और विश्व बैंक ने 15 सितम्बर को मातृ मृत्यु दर पर रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में वर्ष 2008 में भारत में मातृ मृत्यु की संख्या सबसे ज्यादा 63,000 बताई गई है जो नाइजीरिया, कांगो, अफगानिस्तान और इथियोपिया जैसे देशों से ज्यादा है।
इस बीच देश में वर्ष 2008 में प्रति एक लाख की आबादी पर मातृ मृत्युदर 230 थी जबकि वर्ष 1990 में 570, 2000 में 390 और 2005 में 280 दर्ज की गई थी। इस तरह मातृ मृत्युदर में 59 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
यह हवाला देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, "डब्ल्यूएचओ की सूची में नाइजीरिया दूसरे स्थान पर है और वहां मातृ मृत्युदर प्रति एक लाख की आबादी पर 840 है जबकि तीसरे स्थान पर रहे कांगो की प्रति एक लाख की आबादी पर मातृ मृत्युदर 670 है। दूसरी ओर भारत में प्रति एक लाख की आबादी पर मातृ मृत्युदर केवल 230 है।"
उन्होंने कहा, "जननी सुरक्षा योजना जैसी योजनाएं मातृ मृत्युदर कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम कर रही हैं।"महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें लगता है कि शायद आंकड़ों में गलत अनुमान लगाया गया है।
डब्ल्यूसीडी मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, "कुछ दिन पहले हमने जर्नल लेन्सेट में एक रिपोर्ट पढ़ी थी जिसमें 181 देशों की सूची में भारत 127वें स्थान पर था। उसके ठीक ऊपर पाकिस्तान और ठीक नीचे नेपाल था। हो सकता है कि आंकड़ों की गणना में जिस विधि का इस्तेमाल किया गया हो उसमें कोई गड़बड़ी हो।"(स्रोत:जागरण डॉट काम)


वजन घटाना है तो खूब खाओ..

शरीर से अतिरिक्त चर्बी घटाने के लिए घंटों एक्सरसाइज करने से बेहतर है कि दिन में नियमित रूप से तीन बार भोजन किया जाए और बार-बार खाने की आदत छोड़ दी जाए।
इंडियाना में परड्यू यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया है कि वजन घटाने के लिए निम्न कैलोरी और उच्च प्रोटीनयुक्त भोजन पर चल रहे मोटे व्यक्ति उस समय अधिक संतुष्ट महसूस करते हैं जब वे दिन में छह बार खाना खाने की बजाय तीन बार ठीक से भोजन करते हैं। यह रिपोर्ट इस आम धारणा का विरोध करती है कि डायटिंग करने वाले लोगों को दिन में कई बार थोड़ा-थोड़ा भोजन करना चाहिए। प्रमुख शोधकर्ता डॉक्टर हीथर लेडी ने कहा कि पहले की धारणा के मुताबिक, थोड़ा-थोड़ा खाने वाले व्यक्ति स्वयं पर नियंत्रण नहीं कर पाते और वजन बढ़ता जाता है। भूख को शांत करने में भी यह तरीका सफल नहीं है।
अपने प्रयोग के लिए लेडी ने 27 मोटे लोगों को चुना। इनमें से कुछ लोगों को तीन दिन तक एक निश्चित आहार दिन में तीन बार और कुछ को एक निश्चित आहार दिन में छह बार खाने को कहा गया। बाद में पाया गया कि दिन में छह बार खाने वालों की तुलना में दिन में तीन बार खाने वाले अधिक सक्रिय थे।(सौजन्य:मेरी खबर डॉट काम)

Wednesday, July 28, 2010

अब कुछ नहीं बिगाड़ पायगा मधुमेह

विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार देश में लगभग दो करोड़ दस लाख लोग मधुमेह की बीमारी से पीड़ित हैं। संगठन का यह भी अनुमान है कि वर्ष 2020 में भारत का हर पांचवां व्यक्ति मधुमेह से पीड़ित होगा।  मधुमेह की बीमारी महामारी का रूप लेती जा रही है। इसके बचाव व नियंत्रण के लिए वैसे तो कई उपाय हैं, लेकिन एक आयुर्वेदिक पौधा ऐसा है जो इस खतरनाक बीमारी से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस आयुर्वेदिक पौधे का नाम है स्टीविया।
 डायबिटीज के मरीजों के लिए मीठा खाना जहर नहीं बनेगा बशर्ते वह मीठा खाने के तुरंत बाद आयुर्वेदिक पौधे स्टीविया की कुछ पत्तियों को चबा लें। गन्ने से तीन सौ गुणा अधिक मीठा होने के बावजूद स्टीविया पौधे फैट व शुगर से फ्री है। इतना अधिक मीठा होने के बावजूद यह शुगर को कम तो करता ही है साथ ही इसे रोकने में भी सहायक है।
खाना खाने से बीस मिनट पहले स्टीविया की पत्तियों का सेवन अत्यधिक फायदेमंद होता है। अद्भुत गुणों का संगम आयुर्वेदिक पौधा घर में भी लगाया जा सकता है। एक बार लगाया गया पौधा पांच वर्ष तक प्रयोग में लाया जा सकता है। पौधे के गुणों को देखते हुए कई आयुर्वेदिक कंपनियों ने इससे संबंधित उत्पाद तैयार करना शुरू कर दिए है।
पिछले पंद्रह सौ वर्षो से स्टीविया का स्वीटनर और मेडिसिनल के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। 1920 में स्टीविया को जापान ने शुगर के प्रमुख अल्टरनेटिव के रूप में शुरू किया था। स्टीविया के सुरक्षित प्रयोग का न केवल लंबा इतिहास है बल्कि इस पर लगभग 150 स्टडीज हो चुकी है। विश्व के लगभग 20 देशों की सरकारे इसे मान्यता भी दे चुकी है। आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के अनुसार स्टीविया न केवल शुगर बल्कि ब्लड प्रेशर, हाईपरटेशन, दांतों, वजन कम करने, गैस, पेट की जलन, दिल की बीमारी, चमड़ी रोग और चेहरे की झुर्रियों की बीमारी में भी कारगर है.(सौजन्य:जागरण डाट काम)

Wednesday, July 14, 2010

मीठा खाओ तनाव भगाओ


यदि आप तनाव और आक्रामकता से दूर रहना चाहते हैं तो मीठी चाय पिएं। मनोचिकित्सकों का मानना है कि मीठे पेय काम के तनाव को दूर करते हैं और आक्रामकता व बहस की प्रवृत्ति को भी कम करते हैं। वेबसाइट 'टेलीग्राफ डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक एक अध्ययन के अनुसार मीठे पेय पदार्थो द्वारा प्राप्त ऊर्जा से मस्तिष्क को अपने आवेगों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलती है। इसका मतलब है कि इससे लोगों को तनाव में खुद के द्वारा अनायास प्रतिक्रिया देने से रोकने में मदद मिलती है।
शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों में से कुछ को मीठा नींबू पानी दिया और कुछ को कृत्रिम मीठे पेय दिए। अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों ने असली मीठे पेय लिए उन्होंने दबाव में बेहतर प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रतिभागी को कई तनावयुक्त कार्य दिए गए लेकिन मीठा नींबू पानी पीने वालों ने अच्छा प्रदर्शन किया। आस्ट्रेलियाई मनोचिकित्सकों का कहना है कि कार्यालय में तनावयुक्त वातावरण से निपटने में मीठे पेय मददगार हो सकते हैं। इससे काम और पारिवारिक सदस्यों के प्रति आक्रामकता को कम करने में मदद मिलती है। न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय और क्वींसलैंड विश्वविद्यालय के इस अध्ययन के मुताबिक मस्तिष्क को काम करने के लिए ग्लूकोज की जरूरत होती है और इससे आवेगों को नियंत्रित करने में भी मदद मिलती है।(साभार:मेरीखबर.कॉम)

Friday, June 25, 2010

नर्म मुलायम होठो के लिए


घी में मोम को पिघलाकर किसी शीशी में रख लें। इसे जाड़े के दिनों में नियमित रूप से लगाने पर होंठ नहीं फटते। फटे होंठ, काले होंठ तथा पपड़ीदार होंठों के लिए पिसा हुआ सुहागा, शहद में मिलाकर लगाने से फायदा होगा। शहद में गुलाब जल की बूँदे मिलाकर लगाने से होंठ मुलायम होंगे। मक्खन में शुद्ध केसर मिलाकर लगाने से आपके लबों में प्राकृतिक चमक आएगी। सर्दियों के दिनों में नाभि में सरसों का तेल लगाकर सोने से होंठ खूबसूरत होंगे। यदि आप माँसाहारी हैं तो अंडे की जर्दी को कुछ देर होंठों पर लगाकर गुनगुने पानी व रूई से साफ कर लें। होंठ चमक उठेंगे।(स्रोत :महानगर टाइम्स)

तनाव से दमे का भी खतरा!

एक नए अध्ययन के मुताबिक काम का भारी तनाव झेलने वालों में सामान्य लोगों की तुलना में दमा होने का खतरा 40 फीसदी तक बढ़ जाता है। जर्मनी में हीडलबर्ग विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने 40 से 65 आयु वर्ग के 5,000 पुरुषों और महिलाओं पर आठ साल तक अध्ययन के बाद पाया कि तनाव में काम करने वाले लोगों में दमे का खतरा 40 फीसदी बढ़ जाता है।लंबे समय तक काम करना, समय-सीमा में काम पूरा करने का दबाव और काम की असहज परिस्थितियां तनाव का कारण बनती हैं। वेबसाइट 'डेली मेल डॉट को डॉट यूके' पर जारी अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक तनाव में काम करना और आराम के लिए समय न मिल पाना दमे के कारण हैं।(source:महानगर टाइम्स)

Monday, June 14, 2010

चीन में फैला हाथ-मुंह का रोग


चीन में हाथ, पांव व मुंह रोग की बढ़ती स्थिति को ध्यान में रखकर चीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने 13 तारीख को सूचना जारी कर विभिन्न स्थानों के स्वास्थ्य व रोग नियंत्रण विभागों से मांग की कि वे हाथ, पांव और मुंह रोग पर काबू पाने के लिए और प्रयास करें, ताकि लोगों, खासकर बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।
सूचना में कहा गया है कि इस साल चीन में हाथ, पांव व मुंह रोग की स्थिति व्यापक, ज्यादा तथा गंभीर बढ़ी है और इस से मौत अधिक हुई है, इस बीमारी पर नियंत्रण रखना अब सख्त जरूरी हो गया । विभिन्न स्थानों के स्वास्थ्य विभागों को चाहिए कि वे ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों और किंडर्कार्टनों पर प्राथमिकता देते हुए रोकथाम के काम को बेहतर करें। विभिन्न स्थानों में रोग के विकास पर निगरानी मजबूत की जाए और रोग के विकास को रोकने की हर संभव कोशिश की जाए। चीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मई महीने के आंकड़ों के मुताबिक इस साल के अप्रैल में चीन में करीब दो लाख 50 हजार लोग इस रोग से पीड़ित हुए हैं जिन में से 175 मर गए। (स्रोत:चाइना रेडियो)